महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के सवालों पर उमंग सिंघार की आवाज़
मैं हमेशा मानता हूँ कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि जनता के दैनिक जीवन को बेहतर बनाना है। यदि किसी माँ की रसोई महंगाई के कारण सूनी हो, यदि कोई युवा डिग्री लेकर भी रोजगार के लिए दर-दर भटक रहा हो, यदि किसान अपनी मेहनत का उचित मूल्य न पा रहा हो, तो ऐसे समय में जनप्रतिनिधि का मौन रहना पाप और जनविश्वास के साथ अन्याय है
इसी विषय के साथ मैं लगातार महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के अधिकारों की आवाज़ सड़क से लेकर विधानसभा तक उठाता रहा हूँ। मेरे लिए ये केवल राजनीतिक मुद्दे नहीं हैं, बल्कि मध्य प्रदेश के करोड़ों लोगों के जीवन से जुड़े प्रश्न हैं। मैं निरंतर प्रयासरत हूँ की विधानसभा सत्र में जनहित के मुद्दों पर चर्चा हो, बढ़ती महगाई पर सकारात्मक बहस हो, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों पर मज़बूत नीति बने, महिला सुरक्षा पर बात हो, किसानों को उनकी मेहनत का सम्मान तथा न्यायपूर्ण अधिकार मिले क्योंकि विधानसभा सत्र तभी सार्थक होता है जब जनता की आवाज़ सदन में पूरी संवेदनशीलता और मजबूती के साथ गूंजे।
महंगाई ने आम परिवार की कमर तोड़ दी है
महंगाई ने आज आम परिवार की कमर तोड़ दी है जब मैं प्रदेश के गांवों, कस्बों और शहरों में लोगों से मिलता हूँ, तो सबसे पहले जनता महंगाई की बात करते है। हर घर का बजट बिगड़ चुका है। रसोई का खर्च लगातार बढ़ रहा है। गैस सिलेंडर, राशन, बिजली, दवाइयाँ और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने आम नागरिक का जीवन कठिन बना दिया है। कई परिवार ऐसे हैं जिन्हें हर महीने यह चिंता सताती है कि सीमित आय में घर कैसे चलेगा और बच्चों की जरूरतें कैसे पूरी होंगी। मेरा मानना है कि सरकार का पहला दायित्व जनता को राहत देना है। जनसामान्य के जीवन को सरल बनाना है केवल विकास के बड़े-बड़े दावे या आंकड़े पर्याप्त नहीं हो सकते जब तक प्रदेश का आम परिवार आर्थिक बोझ से मुक्त होकर सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास के साथ अपना जीवन जीने में सक्षम न हो। इसलिए मेरा निरंतर प्रयास रहा है कि विधानसभा में बढ़ती महंगाई के मुद्दे पर गंभीर, सकारात्मक और परिणामकारी चर्चा हो तथा ऐसी नीतियाँ बनाई जाएँ जो आम जनता को वास्तविक राहत प्रदान कर सकें।
किसान मजबूत होगा तो मध्य प्रदेश मजबूत होगा
मेरा दृढ़ विश्वास है कि जब किसान समृद्ध और आत्मनिर्भर होगा, तभी मध्य प्रदेश वास्तविक अर्थों में विकास के पथ पर आगे बढ़ सकेगा। किसान केवल खेतों में अन्न उगाने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि हमारे प्रदेश की अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भरता का सबसे मजबूत आधार स्तंभ हैं। मेरा हमेशा प्रयास रहा है कि किसानों की आवाज़ सड़क से लेकर सदन तक पूरी मजबूती के साथ पहुँचे। मैं चाहता हूँ कि किसानों को खाद, बीज और उर्वरक समय पर उपलब्ध हों, सिंचाई की सुविधाओं का विस्तार हो ताकि प्रदेश के किसान खेती की मूल भूत सुविधा के लिए परेशान न हो, प्राकृतिक आपदा की स्थिति में बिना किसी देरी के उचित मुआवजा मिले और फसल बीमा योजना का लाभ हर पात्र किसान तक पूरी पारदर्शिता के साथ समय पर पहुँचे। जब किसान आर्थिक रूप से मजबूत होगा, उसकी मेहनत का उचित सम्मान होगा और उसकी आय बढ़ेगी, तब केवल एक किसान परिवार ही नहीं, बल्कि पूरा मध्य प्रदेश खुशहाल और मजबूत बनेगा।
मध्य प्रदेश का युवा समान अवसर का हकदार है
मध्य प्रदेश का हर युवा अपनी मेहनत, प्रतिभा और सपनों के दम पर आगे बढ़ने का अधिकार रखता है। आज हमारे प्रदेश का युवा पढ़-लिखकर भी रोजगार की तलाश में दर - दर भटक रहा है। वर्षों तक सरकारी भर्तियों का इंतजार, रिक्त पदों का समय पर न भरना, निजी क्षेत्र में सीमित अवसर और बेहतर भविष्य की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन जैसी परिस्थितियाँ युवाओं के आत्मविश्वास को कमजोर करती हैं। यह केवल युवाओं की समस्या नहीं है, बल्कि मध्य प्रदेश के भविष्य से जुड़ा एक गंभीर सवाल है। मैं हमेशा विधानसभा में युवाओं की आवाज़ मजबूती से उठाता हूँ और सरकार से मांग करता हूँ कि सभी सरकारी रिक्त पदों पर समयबद्ध भर्ती हो, रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएँ, उद्योगों और निवेश को बढ़ावा देकर स्थानीय स्तर पर नौकरियाँ उपलब्ध कराई जाएँ तथा कौशल विकास योजनाओं को केवल कागज़ों और भाषणों तक सीमित न रखकर उन्हें वास्तव में युवाओं के जीवन से जोड़ा जाए।
मेरा विश्वास है कि जब हर युवा को अपनी योग्यता के अनुसार समान अवसर, सम्मानजनक रोजगार और आगे बढ़ने का उचित मंच मिलेगा, तभी वह अपने परिवार, समाज और प्रदेश की प्रगति में पूरी क्षमता के साथ योगदान दे सकेगा। इसलिए मेरी लड़ाई केवल रोजगार के वादों की नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश के हर युवा के सुरक्षित, सम्मानजनक और उज्ज्वल भविष्य की है।
मेरा संकल्प जनता के अधिकारों की लड़ाई
मेरे लिए राजनीति केवल एक पद की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनता के अधिकार,सम्मान की लड़ाई और जनसेवा का माध्यम है। मैंने हमेशा कोशिश की है कि आदिवासी, किसान, युवा, महिला, मजदूर, दलित और समाज के हर कमजोर एवं वंचित वर्ग की आवाज़ पूरी मजबूती से विधानसभा में पटल पर रखूँ। मेरा विश्वास है कि लोकतंत्र तभी मजबूत होता है जब आम नागरिक अपनी बात बिना डर, बिना भेदभाव और बिना किसी दबाव के सरकार तक पहुँचा सके। यही सोच मुझे लगातार लोगों के बीच रहने और उनकी समस्याओं को सुनने की प्रेरणा देती है। मेरा मानना है कि किसी भी जनप्रतिनिधि की पहचान केवल उसके भाषणों और प्रचार - प्रसार से नहीं, बल्कि जनता के बीच मौजूदगी और जनता के लिए किए गए संघर्ष से होती है। इसलिए मैं लगातार गांवों, कस्बों और शहरों में लोगों से संवाद करता हूँ, उनकी परेशानियों को समझता हूँ और उन्हें विधानसभा में पूरी मजबूती के साथ उठाने का प्रयास करता हूँ। चाहे किसानों की समस्या हो, युवाओं के रोजगार का सवाल, महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान का मुद्दा हो या आदिवासी समाज के अधिकारों की बात, मेरा संकल्प हमेशा यही रहा है कि हर व्यक्ति को न्याय मिले और उसकी आवाज़ सत्ता तक पहुँचे। मेरा विश्वास है कि जब जनता की बात सुनी जाएगी, समस्याओं का समाधान होगा और जनअधिकारों की रक्षा होगी, तभी लोकतंत्र मजबूत होगा और मध्य प्रदेश विकास, विश्वास और न्याय के रास्ते पर आगे बढ़ेगा।
निष्कर्ष
मेरे लिए राजनीति कभी भी पद, प्रतिष्ठा या सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं रही, बल्कि जनसेवा का एक संकल्प रही है। मेरा विश्वास है कि एक जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी ताकत जनता का भरोसा होता है, और यही विश्वास मुझे हर दिन प्रदेश के लोगों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। महंगाई से जूझते परिवारों को राहत मिले, युवाओं को सम्मानजनक रोजगार के अवसर मिलें, प्रदेश के किसानो को उनकी उपज का न्यायपूर्ण मूल्य मिले तथा समाज के हर वर्ग को समान अधिकार और विकास के अवसर प्राप्त हों इन्हीं मुद्दों को मैं अपनी प्राथमिकता मानता हूँ। मैं मध्य प्रदेश की देवतुल्य जनता को विश्वास दिलाता हूँ कि आपकी हर समस्या, आपका हर संघर्ष और आपकी हर उम्मीद मेरी जिम्मेदारी है। सड़क से लेकर सदन तक, हर मंच पर मैं पूरी निष्ठा, ईमानदारी और दृढ़ता के साथ आपकी आवाज़ उठाता रहूँगा। जब तक आपका विश्वास और आशीर्वाद मेरे साथ है, तब तक जनहित, न्याय और विकास की यह लड़ाई निरंतर जारी रहेगी। यही मेरा कर्तव्य है, यही मेरी प्रतिबद्धता है और यही मेरे जीवन का सबसे बड़ा संकल्प है।