सारे जहाँ से अच्छा, हिंदुस्तान हमारा। हमें हमारी इंडियन आर्मी पर गर्व है
हमारी भारतीय वायुसेना और सेना ने जो साहस दिखाया है, उस पर हर भारतीय को गर्व है। ऑपरेशन सिंदूर के तहत 6-7 मई की मध्यरात्रि 1:00 बजे से 1:30 बजे के बीच भारतीय सेना ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंक के ठिकानों पर बड़ी और सटीक एयर स्ट्राइक की। 24 मिसाइलों से आतंकी अड्डों को तबाह किया गया। मैं भारतीय वायुसेना और हमारे वीर सैनिकों को दिल से सलाम करता हूँ। उन्होंने फिर दिखा दिया कि भारत अपनी सुरक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकता है।
मेरी नजर में यह पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ़ भारत का उलगुलान है।
हाल ही में पहलगाम में निर्दोष नागरिकों पर हुआ हमला हमारे सब्र की परीक्षा थी। भारतीय सेना ने उसका मुँहतोड़ जवाब दिया है। ऑपरेशन सिंदूर यह साफ संदेश है कि जो देश आतंकवाद को पनाह देंगे, अब वे भी सुरक्षित नहीं रहेंगे। यह सिर्फ एक सैन्य कार्रवाई नहीं है, बल्कि भारत की साफ नीति है — आतंक का खात्मा।
इस बार एक और ऐतिहासिक बात हुई। देश के इतिहास में पहली बार सेना की दो महिला अफसरों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ऑपरेशन की जानकारी दी। भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी और भारतीय वायुसेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने इस मिशन के बारे में देश को विस्तार से बताया। यह नारी सशक्तिकरण का एक शानदार उदाहरण है।
इन दोनों बहादुर महिलाओं ने यह साबित कर दिया कि भारत की बेटियां भी किसी से कम नहीं हैं। मैं कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह के साहस और शौर्य को दिल से सलाम करता हूँ। आज वे पूरे देश की बेटियों के लिए प्रेरणा बनी हैं।
आज पूरे भारत में जश्न का माहौल है। लोग एकजुट होकर भारतीय सेना के पराक्रम की तारीफ कर रहे हैं। हम सब भारतीय सेना के साथ मजबूती से खड़े हैं।
1971 में पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान के दो टुकड़े किए थे। अब समय आ गया है कि आतंक के हर ठिकाने को जड़ से मिटा दिया जाए। भारतीय सेना का साहस और संकल्प बेमिसाल है। देश का हर नागरिक उनकी ताकत बनकर खड़ा है।
हमें अपनी भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और बलिदान पर गर्व है।
सारे जहाँ से अच्छा, हिंदुस्तान हमारा।
जय हिन्द।