मध्य प्रदेश में विपक्ष की मजबूत आवाज़ से मुख्यमंत्री चेहरे तक का सफर
राजनीति मेरे लिए कभी पद, प्रतिष्ठा या सत्ता तक पहुँचने का माध्यम नहीं रही, बल्कि जनता की सेवा और उनके विश्वास की जिम्मेदारी रही है। मेरा मानना है कि लोकतंत्र में किसी भी नेता की सबसे बड़ी पहचान उसकी जनप्रतिबद्धता, संघर्ष और जनता के बीच उसकी स्वीकार्यता होती है। नेता प्रतिपक्ष के रूप में मैंने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों, आदिवासियों, महिलाओं और युवाओं से जुड़े हर मुद्दे को सड़क से सदन तक पूरी मजबूती से उठाया है और जरूरत पड़ने पर अदालत तक के दरवाज़े खटखटाएं है। मेरा हमेशा से विश्वास रहा है कि एक मजबूत विपक्ष ही लोकतंत्र को जवाबदेह और मजबूत बनाता है। आज यदि मेरे राजनीतिक सफर को विपक्ष की मजबूत आवाज़ से आगे जोड़कर देखा जा रहा है, तो मैं इसे जनता के विश्वास और स्नेह का प्रतीक मानता हूँ। मेरे लिए सबसे बड़ा पद जनता का विश्वास है, और मेरा संकल्प हमेशा यही रहेगा कि मध्यप्रदेश के हर नागरिक के अधिकार, सम्मान और भविष्य की लड़ाई पूरी निष्ठा और ईमानदारी से लड़ता रहूँ। प्रदेशवासियों की मुस्कान ही मेरी ताकत है
प्रारंभिक राजनैतिक यात्रा
मेरी राजनीतिक यात्रा किसी महत्वाकांक्षा से नहीं, बल्कि सेवा के संस्कारों से शुरू हुई। मुझे राजनीति की पहली प्रेरणा मेरी पूज्य बुआ, मध्य प्रदेश की पूर्व उपमुख्यमंत्री और आदिवासी समाज की सशक्त नेता स्वर्गीय श्रीमती जमुना देवी जी से मिली। उनके सान्निध्य में मैंने राजनीति को बहुत करीब से देखा और सीखा कि जनसेवा, जनहित और समाज के अंतिम व्यक्ति के प्रति संवेदनशीलता ही एक जनप्रतिनिधि का सबसे बड़ा धर्म है। उन्हीं के आशीर्वाद और प्रेरणा ने मेरे भीतर जनता की निस्वार्थ सेवा का संकल्प दृढ़ दिया। इसके बाद गंधवानी विधानसभा की जनता ने अपने स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद से मुझे विधायक के रूप में सेवा करने का अवसर दिया, जिसे मैं आज भी अपना सबसे बड़ा सौभाग्य मानता हूँ। गंधवानी परिवार की सेवा करते हुए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने भी मुझ जैसे एक सामान्य कार्यकर्ता पर विश्वास व्यक्त किया और मुझे नेता प्रतिपक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी, जिसके लिए मैं संगठन के प्रति सदैव कृतज्ञ रहूँगा। मेरे लिए कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचार, एक परिवार और जनसेवा का माध्यम है। जब तक मेरे शरीर में प्राण हैं, मेरा प्रत्येक प्रयास संगठन और जनता की सेवा के लिए समर्पित रहेगा।
संगठन और कार्यकर्ताओं के साथ मजबूत संवाद
किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं, क्योंकि वही संगठन की वास्तविक पहचान होते हैं और जनता के बीच पार्टी के विचारों को लेकर सबसे आगे खड़े रहते हैं। इसलिए मेरा हमेशा प्रयास रहा है कि संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान मिले, उनकी बात गंभीरता से सुनी जाए और संगठन में योग्यता अनुसार अवसर मिले। प्रदेश के विभिन्न जिलों के लगातार दौरे, कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संवाद और उनके सुख-दुख में सहभागी बनने का सतत प्रयास किया है। मेरा विश्वास है कि जब नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के बीच आपसी विश्वास, संवाद और समन्वय मजबूत होता है, तभी संगठन की नीव मजबूत बनती है। यही कारण है कि मैंने हमेशा संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने को अपनी प्राथमिकता माना है। मेरा मानना है कि एक मजबूत और सक्रिय संगठन ही जनआंदोलनों को दिशा देता है, जनता का विश्वास जीतता है और लोकतंत्र में सकारात्मक बदलाव की मजबूत नींव तैयार करता है।
नेता प्रतिपक्ष पद नहीं जिम्मेदारी है
मेरे लिए नेता प्रतिपक्ष का पद कभी विशेषाधिकार का विषय नहीं रहा, बल्कि यह मध्य प्रदेश की जनता के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है। मैं हमेशा मानता हूँ कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका जनता के अधिकारों, उम्मीदों और समस्याओं को पूरी मजबूती से उठाना और जबाबदेही तय कराना है। इसलिए नेता प्रतिपक्ष के रूप में मैंने हर मुद्दे को जनता की आवाज़ बनकर सदन में रखा है। चाहे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने की बात हो, युवाओं के रोजगार और भर्ती प्रक्रियाओं की चिंता हो, महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान का प्रश्न हो या आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा मैंने हर विषय पर सरकार से जवाबदेही सुनिश्चित कराने का प्रयास किया है। मेरा विश्वास है कि इस पद का वास्तविक अर्थ सत्ता से संघर्ष नहीं, बल्कि जनता के विश्वास का सम्मान करना और उनके हितों की रक्षा के लिए हर परिस्थिति में मजबूती से खड़ा रहना है।
मेरी विधानसभा मेरा परिवार
जब भी मेरी विधानसभा की बात होती है, तो सबसे पहले मुझे अपने क्षेत्रवासियों के प्रति अपनी जिम्मेदारी और चेहरें मुस्कान है। मेरे लिए गंधवानी विधानसभा केवल एक निर्वाचन क्षेत्र नहीं, बल्कि मेरा अपना परिवार है, और इस परिवार का हर सदस्य मेरे लिए समान रूप से महत्वपूर्ण है। हर किसान की चिंता, हर युवा का सपना, हर मातृशक्ति की अपेक्षा, हर बुजुर्ग का अनुभव और हर बच्चे का भविष्य मेरी जिम्मेदारी का हिस्सा है। इसलिए मैंने हमेशा यह प्रयास किया है कि जनता और मेरे बीच केवल जनप्रतिनिधि और मतदाता का रिश्ता नहीं, बल्कि विश्वास, आत्मीयता और अपनत्व का संबंध बना रहे। मेरा घर, मेरा कार्यालय और मेरे मन के द्वार हमेशा क्षेत्रवासियों के लिए खुले हैं। उनके सुख-दुख में सहभागी बनना, उनकी समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास करना मैं अपना कर्तव्य नहीं, बल्कि अपना धर्म मानता हूँ। गंधवानी की जनता ने मुझे हमेशा अपने परिवार के सदस्य की तरह स्नेह और विश्वास दिया है, और यही विश्वास मुझे हर दिन अधिक समर्पण और ईमानदारी के साथ उनकी सेवा करने की प्रेरणा देता है। मेरा संकल्प है कि जब तक मेरे शरीर में प्राण हैं, मैं अपने विधानसभा परिवार के प्रत्येक सदस्य के सम्मान, अधिकार, विकास और खुशहाली के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करता रहूँगा।
नेतृत्व की चर्चा स्वाभाविक है?
लोकतंत्र में किसी भी नेता का मूल्यांकन अंततः जनता, कार्यकर्ताओं और राजनीतिक परिस्थितियों के आधार पर होता है। यदि कोई नेता लगातार जनता के बीच सक्रिय रहे, उनकी समस्याओं को उठाए और संगठन के साथ मजबूत संवाद बनाए रखे, तो स्वाभाविक रूप से उसके नेतृत्व को लेकर चर्चाएँ होती हैं।जनता ही तय करती है कि उसका नेतृत्व कौन करेगा। मुख्यमंत्री पद का निर्णय किसी एक व्यक्ति की इच्छा से नहीं, बल्कि पार्टी की लोकतांत्रिक प्रक्रिया और सामूहिक निर्णय से होता है। मेरे लिए मुख्यमंत्री का पद कभी लक्ष्य नहीं रहा, बल्कि जनता का विश्वास हमेशा सबसे बड़ा लक्ष्य रहा है। मुझे आशा और विश्वाश है की जनता का भरोसा और कार्यकर्ताओं का स्नेह हमेशा मेरे साथ बना रहेगा यही मेरे जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।
निष्कर्ष
मेरे लिए राजनीति का सबसे बड़ा उद्देश्य कभी कोई पद या कुर्सी नहीं रहा, बल्कि मध्य प्रदेश की देवतुल्य जनता का विश्वास रहा है। यदि किसानों के अधिकारों की लड़ाई लड़ते हुए, युवाओं के भविष्य के लिए आवाज़ उठाते हुए, माताओं-बहनों के सम्मान और सुरक्षा की बात करते हुए तथा आदिवासी, दलित, मजदूर और समाज के हर वंचित वर्ग के अधिकारों की रक्षा करते हुए मैं जनता का भरोसा जीत पाया हूँ, तो यही मेरे जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि और सबसे बड़ा सम्मान है। मैंने हमेशा राजनीति को सेवा का माध्यम माना है और जीवन के अंतिम क्षण तक इसे जनसेवा का ही माध्यम बनाए रखने का संकल्प लिया है। मेरा संघर्ष किसी पद, प्रतिष्ठा या सत्ता के लिए नहीं, बल्कि उस हर नागरिक के लिए है जो अपने अधिकार, सम्मान और बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर लोकतंत्र की ओर देखता है। मैं मध्य प्रदेश की जनता को विश्वास दिलाता हूँ कि सड़क से लेकर विधानसभा तक उनकी आवाज़ पूरी मजबूती, ईमानदारी और निष्ठा के साथ उठाता रहूँगा, उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर मंच पर संघर्ष करता रहूँगा और प्रदेश को न्यायपूर्ण, समावेशी, समृद्ध एवं विकासोन्मुख बनाने के अपने संकल्प से कभी पीछे नहीं हटूँगा। बाकी निर्णय लोकतंत्र में जनता के विश्वास, कार्यकर्ताओं के समर्पण और पार्टी की सामूहिक प्रक्रिया से तय होते हैं, लेकिन मेरा मार्ग हमेशा एक ही रहेगा, जनता के बीच - जनता के लिए।